Tuesday, November 4, 2025

भिवानी में सड़कों पर उतरी इनेलो:कहा- सीएम दायित्व को निभाने की बजाय खुद को बिहारी बताने लगे; किसानों को मुआवजे देने की मांग

भिवानी में सोमवार को इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने किसानों और आम लोगों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। इनेलो कार्यकर्ता और पदाधिकारी शहर में सड़क पर उतरे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन का नेतृत्व पूर्व विधायक व जिला प्रभारी ओमप्रकाश गौरा ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता इनेलो जिलाध्यक्ष अशोक ढ़ाणीमाहु और किसान सैल जिलाध्यक्ष अजीत बागड़ी बड़ेसरा ने की। प्रदर्शनकारियों ने शहर में मार्च करते हुए लघु सचिवालय पहुंचकर राज्यपाल के नाम एक मांगपत्र सौंपा और समस्याओं के जल्द समाधान की अपील की। इस दौरान इनेलो नेताओं ने भाजपा सरकार पर किसान व आमजन विरोधी होने का आरोप लगाया। नेताओं ने कहा कि एक तरफ सरकार खुद को हितैषी बताती है, जबकि दूसरी ओर किसानों के हितों और आम जनता की सुविधाओं की अनदेखी कर रही है। उन्होंने दावा किया कि किसानों की आय दोगुनी करने की घोषणा केवल कागजों तक सीमित रह गई है। हालात यह हैं कि किसानों को मेहनत का सही मूल्य भी नहीं मिल पा रहा। फसलें एमएसपी पर नहीं खरीद रही सरकार उन्होंने कहा कि मंडियों में किसानों की फसलें एमएसपी पर नहीं खरीदी जा रही हैं। खेतों में हुए जलभराव की निकासी नहीं हो रही है और बर्बाद हुई फसलों के मुआवजे के लिए किसान दर-दर भटक रहे हैं, खाद के लिए लंबी-लंबी लाइनों में लगना पड़ रहा है। पड़ोसी राज्य पंजाब ने बाढ़ से बर्बाद हुई फसलों की एवज में किसानों के खातों में राशि डाल भी दी है, लेकिन हरियाणा सरकार द्वारा मुआवजा देना तो दूर गिरदावरी तक भी नहीं करवाई गई। प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हरियाणा वासियों के प्रति अपने दायित्व को निभाने की बजाय खुद को बिहारी बताने लगे हैं। उन्होंने कहा कि यदि सीएम नायब सैनी बिहारी हैं, तो बिहार जाकर रहें। सरकार सिर्फ झूठी और खोखली वाहवाही लूटने में व्यस्त जिला अध्यक्ष अशोक ढ़ाणीमाहु व पूर्व विधायक ओमप्रकाश गौरा ने आरोप लगाया कि सरकार इन गंभीर समस्याओं के समाधान की तरफ कोई ध्यान ना देकर सिर्फ झूठी और खोखली वाहवाही लूटने में व्यस्त है। भाजपा शासनकाल में सिर्फ किसान ही परेशान नहीं, आमजन को भी कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है। आज प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और अपराध जैसी समस्याओं ने प्रदेश में गहराई पकड़ ली है। जिससे आम नागरिक बेहद परेशान हैं। इसके बावजूद भी हद की बात तो यह है कि सरकार इन समस्याओं के समाधान की तरफ ध्यान देने की बजाय मात्र झूठा व खोखले विकास का ढिंढ़ोरा पीटकर लोगों को बरगलाने का काम कर रही है। इस अवसर पर मा. धर्मपाल ओबरा, सुनील लांबा, शारदा मिश्रा, सुमन अहलावत, इंदु परमार आदि मौजूद रहे।

from हरियाणा | दैनिक भास्कर https://ift.tt/JCObIqa

No comments:

Post a Comment

हिसार में बागवानी इंटर क्रॉपिंग से 20 लाख की कमाई:सुरेंद्र को मिल चुके कई अवॉर्ड; अमरूद के साथ चीकू, मौसमी संग नींबू की पैदावार

हिसार जिले के दौलतपुर गांव के किसान सुरेंद्र श्योराण ने बागवानी में इंटर क्रॉपिंग यानी मिश्रित फसलों के जरिए नई मिसाल कायम की है। पारंपरिक ख...