Sunday, July 20, 2025

फतेहाबाद में कांग्रेस MLA ने की सीएम की तारीफ:बोले-सरकार बढ़िया काम कर रही, मैंने विधानसभा में जो मुद्दे उठाए उन पर संज्ञान लिया

हरियाणा के सीएम नायब सैनी की एक और कांग्रेस विधायक ने तारीफ की है। इस बार पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा के खास समर्थक और रतिया से कांग्रेस विधायक जरनैल सिंह ने सीएम के कसीदे पढ़े हैं। जरनैल सिंह वह विधायक हैं, जिन्होंने रतिया में 30 साल बाद कांग्रेस की वापसी करवाई थी। रतिया में मीडिया से बातचीत में विधायक जरनैल सिंह ने कहा है कि सरकार बढ़िया तरीके से काम कर रही है। सब कुछ ठीक चल रहा है। हम बिना मतलब राजनीतिक रूप से बुराई नहीं करते। मैंने विधानसभा में जिन मुद्दों को उठाया है। उन पर भी संज्ञान लिया गया है। टोहाना रोड के निर्माण का मुद्दा उठाया था, वह रोड भी बन गई है। इसके लिए मुख्यमंत्री नायब सैनी व सरकार का वह धन्यवाद करते हैं। जरनैल सिंह ने कहा कि रतिया हलके में करोड़ों रुपए के विकास कार्य करवाए गए हैं। एक करोड़ रुपए सरकार ने पहले दिए थे। अब भी डेढ़ करोड़ रुपए दिए हैं, जिनसे काम शुरू हो रहे हैं। शहर में भी काम किए जा रहे हैं। सेतिया और चौधरी भी कर चुके तारीफ गौरतलब है कि इससे पहले कांग्रेस के सिरसा से विधायक गोकुल सेतिया और नारायणगढ़ से विधायक शैली चौधरी भी सीएम नायब सैनी की तारीफ कर चुके हैं। गोकुल सेतिया तो सीएम के साथ मंच भी साझा कर चुके हैं। शैली चौधरी ने भी सीएम के कामकाज की तारीफ की थी। 6 चुनाव लड़ चुके जरनैल सिंह, तीन में जीते जरनैल सिंह रतिया विधानसभा क्षेत्र से 6 बार विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं। इनमें से 3 बार उन्हें जीत मिली है। जबकि 3 बार हार का सामना करना पड़ा। वह सबसे पहले साल 2000 में इनेलो की टिकट पर रतिया से विधायक बने थे। इसके बाद 2009 में कांग्रेस ने उन्हें टिकट देकर मैदान में उतारा। मगर वह दूसरे नंबर पर रहे। तीसरी बार 2011 में हुए उपचुनाव में भी कांग्रेस ने उन्हें ही उम्मीदवार बनाया और वह जीतकर विधायक बने। साल 2014 में चौथा चुनाव लड़ते हुए कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर जरनैल सिंह तीसरे स्थान पर रहे। साल 2019 में पांचवें चुनाव में वह भाजपा प्रत्याशी लक्ष्मण नापा से कांटे के मुकाबले में मात्र 1216 वोटों से हार गए थे। छठी बार जरनैल सिंह ने अक्टूबर 2024 में कांग्रेस से चुनाव लड़ा। इसमें उन्होंने तत्कालीन भाजपा प्रत्याशी सुनीता दुग्गल को 21 हजार 442 वोटों से हराया था। जानिए.... किस कांग्रेस विधायक ने कब-कब सीएम की तारीफ की 21 नवंबर 2024 - सिरसा में मेडिकल कॉलेज के भूमि पूजन समारोह के दौरान सीएम नायब सिंह सैनी के साथ विधायक गोकुल सेतिया ने पहले मंच साझा किया था। फिर मुख्यमंत्री की शान में कसीदे पढ़ते हुए कहा था कि सीएम जैसी शख्सियत कभी नहीं देखी। सेतिया ने कहा था कि अगर सरकार अच्छा काम करेगी तो उसकी प्रशंसा करना भी हमारा फर्ज है। 7 अप्रैल 2025 - सिरसा से कांग्रेस विधायक गोकुल सेतिया ने 7 अप्रैल को चंडीगढ़ में सीएम के सरकारी आवास पर मिले और मान-सम्मान से खुश होकर सीएम की तारीफ की थी। उनके साथ किसान नेता व कमेटी के सदस्य सीएम आवास पर गए थे। वहां गोकुल व उनके साथ गए लोगों ने खाना भी खाया था। इसके बाद उन्होंने सीएम की तारीफ की। 20 जनवरी 2025 - नारायणगढ़ की विधायक शैली चौधरी ने सीएम नायब सैनी के साथ मंच साझा किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पूरा हरियाणा मुख्यमंत्री की तारीफ कर रहा है। यह हमारा सौभाग्य है कि हमारे पास इतने मेहनती मुख्यमंत्री हैं। जरनैल सिंह का राजनीतिक सफर - साल 2000 में इनेलो की टिकट पर रतिया से चुनाव लड़ा। 38224 वोट लेकर विधायक बने। - साल 2009 में कांग्रेस की टिकट पर रतिया से चुनाव लड़ा। 46713 वोट लेकर दूसरे नंबर पर रहे। उन्हें इनेलो के ज्ञानचंद ने हराया। - साल 2011 में ज्ञानचंद ओड के निधन के बाद कांग्रेस की टिकट पर रतिया से उपचुनाव लड़ा। 12,700 वोटों से जीतकर विधायक बने। - साल 2014 में कांग्रेस की टिकट पर रतिया से चुनाव लड़ा। 36681 वोट लेकर तीसरे नंबर पर रहे। इस चुनाव में इनेलो के प्रो.रविंद्र बलियाला जीते। - साल 2019 में कांग्रेस की टिकट पर रतिया से चुनाव लड़ा। 53944 वोट लेकर दूसरे नंबर पर रहे। इस चुनाव में बीजेपी के लक्ष्मण नापा जीते। - साल 2024 में कांग्रेस की टिकट पर पांचवीं बार चुनाव लड़ा। 86426 वोट लेकर बीजेपी की सुनीता दुग्गल को 21442 वोटों से हराकर विधायक बने।

from हरियाणा | दैनिक भास्कर https://ift.tt/rtDhcbk

No comments:

Post a Comment

हिसार में बागवानी इंटर क्रॉपिंग से 20 लाख की कमाई:सुरेंद्र को मिल चुके कई अवॉर्ड; अमरूद के साथ चीकू, मौसमी संग नींबू की पैदावार

हिसार जिले के दौलतपुर गांव के किसान सुरेंद्र श्योराण ने बागवानी में इंटर क्रॉपिंग यानी मिश्रित फसलों के जरिए नई मिसाल कायम की है। पारंपरिक ख...