Saturday, December 28, 2024

हरियाणा के 19 जिलों में धुंध का अलर्ट:5 जगह बारिश-ओलावृष्टि की संभावना; कल से तापमान में और गिरावट आएगी

हरियाणा में मौसम विभाग ने आज 19 जिलों में कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी और चरखी दादरी शामिल हैं। यहां शीतलहर भी चलेगी। इसके अलावा करनाल, कुरुक्षेत्र, अंबाला, पंचकूला और यमुनानगर में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। साथ ही ओलावृष्टि की भी संभावना है। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) के कृषि मौसम विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ का कहना है कि बारिश के बाद नमी से फसलों में कीटों की संख्या बढ़ जाती है, ऐसे में किसान फसलों की निगरानी करें और नजदीकी कृषि विज्ञान केंद्रों व कृषि वैज्ञानिकों की सलाह पर ही फसल पर दवा का छिड़काव करें। कल से और ठंड बढ़ेगी डॉ. खीचड़ के मुताबिक आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है। बारिश के बाद एकाएक धुंध और बढ़ेगी। इसके बाद रविवार 29 दिसंबर से हवा की दिशा बदलकर पूर्व से उत्तर-पश्चिम हो जाएगी। ऐसे में पहाड़ों की तरफ से हवा बहकर मैदानी इलाकों में प्रवेश करेगी। इससे दिन और रात दोनों का तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। पश्चिमी विक्षोभ के चलते 29 दिसंबर से पूरे प्रदेश में सुबह के समय कोहरा छाने की संभावना है। इससे सुबह के समय आने-जाने वाले वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। कोहरे के चलते प्रशासन की तरफ से वाहनों को आराम से चलाने का आह्वान किया गया है। एक दिन पहले 5 जिलों में ओले गिरे वहीं एक दिन पहले शुक्रवार को हिसार, सिरसा, भिवानी, फतेहाबाद और कैथल जिले के कई गांवों में ओलावृष्टि हुई। इससे फसलें पूरी तरह तबाह हो गई। सबसे ज्यादा नुकसान गेहूं, सरसों और चने को हुआ। इसके अलावा सब्जियों की फसल भी इन जिलों में खराब हो गई है। अखिल भारतीय किसान सभा के हिसार जिला प्रधान और राज्य उपप्रधान शमशेर सिंह नंबरदार ने बताया कि जहां-जहां ओले गिरे हैं, फसलों को भारी नुकसान हुआ है। ऐसे में जमीन गीली रहने से दोबारा बिजाई भी नहीं हो सकती। किसान पर भारी मार पड़ी है। मेरी सरकार से मांग है कि जहां ओलावृष्टि से फसल खराब हुई है, वहां 40 हजार रुपए प्रति एकड़ तक मुआवजा दिया जाना चाहिए। बच्चों ने स्कूल की दीवार फांदी भिवानी में शुक्रवार को हुई बारिश के बाद स्कूल के बच्चे दीवार फांदकर घर जाते दिखे। घटना बवानी खेड़ा के ढ़ाणी यादव स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति प्राथमिक स्कूल की है। यहां शुक्रवार को बारिश के कारण स्कूल के सामने स्थित गली में पानी जमा हो गया, जिसकी वजह से बच्चे वहां से नहीं निकल पाए। उन्हें मजबूर होकर दीवार फांदकर जाना पड़ा।

from हरियाणा | दैनिक भास्कर https://ift.tt/hfHc7LG

No comments:

Post a Comment

हिसार में बागवानी इंटर क्रॉपिंग से 20 लाख की कमाई:सुरेंद्र को मिल चुके कई अवॉर्ड; अमरूद के साथ चीकू, मौसमी संग नींबू की पैदावार

हिसार जिले के दौलतपुर गांव के किसान सुरेंद्र श्योराण ने बागवानी में इंटर क्रॉपिंग यानी मिश्रित फसलों के जरिए नई मिसाल कायम की है। पारंपरिक ख...